मंगलवार, 5 मई 2020

‘‘इतिहास हमेशा याद रखें।
हंदवाड़ा के आतंकी हमले में पांच भारतीय 
सैनिकों ने जान गंवाई।
वह हमला अनगिनत हमलों 
में से एक है।
उन हमलों की शुरुआत वर्ष 1015 में महमूद 
गजनी ने की थी।
गजनी ने कश्मीर हासिल करने के लिए ऐसा 
किया था।
  गजनी को कश्मीर की रानी दिद्दा के भतीजे 
ने पराजित किया था।’’
..........................................
   --पत्रकार आरती टिकू सिंह,
   दैनिक जागरण, 4 मई 2020

सोमवार, 4 मई 2020

मजदूर यदि सिर्फ एक पैर के 
जूते का ही निर्माण
शुरू कर दे तो कारखाना 
प्रबंधन क्या करेगा !
..................................  
सत्तर के दशक की बात है।
कर्पूरी ठाकुर मंत्रिमंडल के उद्योग मंत्री ठाकुर प्रसाद 
जापान के दौरे से लौटे थे।
वह वहां के अपने अनुभव यहां सुना रहे थे।
मैं संवाददाता के रूप में मौजूद था।
उन्होंने बताया था कि जापान के मजदूर अपनी 
मांग मनवाने के लिए 
किस तरह की ‘हड़ताल’ करते हैं।
वहां किसी जूते के कारखाने के मजदूरों को 
प्रबंधन से अपनी मांग मनवानी होती है तो वे 
अपना काम बंद नहीं करते।
बल्कि उसके बदले प्रबंधन को परेशानी में डालने वाला 
कदम उठाते हैं।
वे दोनों पैरों के जूते बनाने के बदले सिर्फ एक ही पैर 
के जूते का उत्पादन शुरू कर देते हैं।
प्रबंधन परेशान हो जाता है।एक पैर 
के जूते तो बिकेंगे नहीं !
नतीजतन प्रबंधन मजदूर नेताओं से बातचीत करके 
उनकी वाजिब मांगें मान कर उनसे समझौता करने के 
लिए बाध्य हो जाता है।
................................
    ---सुरेंद्र किशोर--4 मई 20

रविवार, 3 मई 2020

  मधु लिमये की याद में
  ............................................
एक खास राजनीतिक स्थिति में मधु लिमये ने संसोपा संसदीय पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दिया था।
  उनकी जगह रामसेवक यादव नेता बने।
बाराबंकी से लोक सभा सदस्य रहे रामसेवक यादव शालीन और योग्य नेता थे।
 1972 में सोशलिस्ट पार्टी ने रामसेवक जी को दरभंगा लोस उप चुनाव में उम्मीदवार बनाया था।
उस उप चुनाव में केंद्रीय मंत्री ललित नारायण मिश्र की जीत हुई थी।पूर्व मुख्य मंत्री विनोदानंद झा के निधन से दरभंगा लोस सीट खाली हुई थी।
.................
सुरेंद्र किशोर--2 मई 20


  धारावाहिक ‘रामायण’ की अपार 
लोकप्रियता यानी मर्यादा का संदेश !!
  ........................................
धारावाहिक ‘रामायण’ ने दर्शकों की संख्या 
के मामले में
विश्व रिकाॅर्ड बना लिया।
आखिर ऐसा क्यों हुआ ?
दरअसल एक मर्यादा पुरुषोत्तम की कहानी देखने 
में लोगों की इतनी अधिक रूचि क्यों है ?
क्यों न हो ? !
आज लोक जीवन में मर्यादा की ही तो कमी
होती जा रही है।
हर तरह की मर्यादा की कमी !
जब हम आसपास मर्यादा कम देखते हैं तो उसकी 
कमी टी.वी. पर देख कर फिलहाल संतोष कर लेना चाहते हैं।
  ‘रामायण’ के दर्शकों की रिकाॅर्ड तोड़ संख्या तरह -तरह के ‘शासकों’ को भी संदेश दे रही है।
  लोक जीवन में भरसक मर्यादा कायम करने, बनाए रखने और मर्यादा का आदर्श हासिल करने की कोशिश कीजिए।
अन्यथा, आपकी खैर नहीं !
तरह -तरह के शासक का क्या अर्थ है ?
जिनके भी हाथों में किसी का भला करने या नुकसान करने की किसी तरह की ताकत है,उन सबको ‘शासक’ माना जाना चाहिए।बड़े -बड़े पदों पर आसीन लोग तो शासक हैं ही।
       ---सुरेंद्र किशोर-3 मई 2020
  

कहते हैं कि जिन पर ईश्वर प्रसन्न होते हैं,
उन्हें वे समय से पहले ही बुला लेते हैं !
मुझे नहीं मालूम कि इस कहावत में कितनी 
सच्चाई है।
किंतु जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी में ऐसे कई 
गुण जरुर थे जिनके कारण लोगबाग उन्हें पसंद 
करते थे।
  ईमानदारी और कत्र्तव्यनिष्ठता आज किसी भी 
क्षेत्र में विरल गुण हैं।
  त्रिपाठी जी इन गुणों के लिए जाने जाते थे।
मेरा उनसे कोई परिचय तक नहीं था।
पर, मैंने पटना हाईकोर्ट के कई ऐसे वकीलों से उनकी 
तारीफ सुनी है जिनकी बातों पर विश्वास किया जा 
सकता है।
............................
  --सुरेंद्र किशोर-3 मई, 20

शनिवार, 2 मई 2020



 कृषि आधारित उद्योग के विकास से बदल सकती है गांवों की तस्वीर-सुरेंद्र किशोर
............................................................. 
जो काम आजादी के तत्काल बाद से ही शुरू हो जाना चाहिए था,वह अब होने जा रहा है।
 बिहार के कृषि मंत्री डा.प्रेम कुमार के अनुसार राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित लघु उद्योग लगाने के लिए राज्य सरकार 90 प्रतिशत अनुदान देगी।
 वैसे कृषि आधारित मध्यम और बड़े उद्योग भी लगने चाहिए।
पर, खैर जितना हो रहा है,पहले उसका स्वागत हो।उसे सफल बनाने की कोशिश हो।
यदि  सफलता मिली तो किसानों की भी आय बढ़ेगी।
साथ ही, बेरोजगारों को काम मिलेगा।पलायन घटेगा।
किसानों की क्रय शक्ति बढ़ने से करखनिया माल भी अधिक बिकेंगे।इस तरह अन्य उद्योगों का भी विकास होगा।
  इस देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के तत्काल बाद के हमारे हुक्मरानों ने खेती के बदले उद्योग को प्राथमिकता दी।
इस संबंध में चैधरी चरण सिंह जैसे जमीन से जुड़े नेताओं की राय अलग थी जिसे नजरअंदाज किया गया।
..............................    
उद्योग की राह की बाधाओं 
   को भी दूर करे सरकार
...................................
  यदि बिहार सरकार उद्योग के विकास में बाधक तत्वों को
दूर करे तो उसकी यह महत्वाकांक्षी योजना बहुत हद तक सफल होगी।
जानकार लोग बताते हैं कि छोटी सी औद्योगिक इकाई  को लेकर भी कम से कम 15 नियम-कानूनों का पालन करना पड़ता है।
  उन नियम-कानूनों को लागू करने वाले अधिकतर सरकारी सेवकों का उद्योगपतियों के प्रति वैसा रवैया नहीं रहता जैसा गुजरात जैसे राज्यों के सरकारी कर्मियों का रहता है।
  इस स्थिति में परिवत्र्तन कैसे लाया जाए,इस पर भी राज्य सरकार को विचार करना होगा।
  जिस राज्य के अधिकतर सरकारी सेवक अपने ‘कत्र्तव्य’ को   को अपना ‘अधिकार’ समझ लेते हैं,वहां उत्साही व्यक्ति भी निराश हो जाता है।
इस स्थिति से नए उद्यमी कैसे बच पाएंगे ?
  ...........................................  
   असामान्य दिनों में घूसखोरों के 
  खिलाफ असामान्य कार्रवाई जरुरी
........................................   
बिहार सरकार ने गत फरवरी में यह घोषणा की कि
‘‘घूसखोरों को पकड़वाने पर 50 हजार रुपए का इनाम मिलेगा।
 भ्र्रष्टाचार मिटाने की मुहिम में आम लोगों को भी जोड़ने के उद्देश्य से यह सब किया जा रहा है।’’
 पर, किसी ने किसी घूसखोर को पकड़वा कर 50 हजार रुपए हासिल किए,ऐसी कोई खबर अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि वह खबर भी देर-सवेर मिलेगी ही।
  पर, लगता है कि इनाम की यह राशि कम है।
 राशि बढ़ने से सूचकों में उत्साह बढ़ सकता है।
 दरअसल अभी कोरोना वायरस को लेकर असामान्य स्थिति पैदा हो गई है।इसके बावजूद भ्रष्ट लोग जहां -तहां सक्रिय हैं।
इस विपत्ति से निकलने के बाद तेज विकास व पुनर्निर्माण की जरुरत पड़ेगी।
उनमें असामान्य धनराशि लगेगी।
उस धनराशि को गिद्धों से बचाना एक बड़ी समस्या होगी।
उसका उपाय पहले से सोच लेना होगा।
इनाम की राशि को एक खास दूसरी राशि से जोड़ देना चाहिए।
जब कोई रिश्वतखोर पकड़ा जाता है तो कई दफा यह भी पता चलता है कि उसने अपनी जायज आय से काफी अधिक संपत्ति भी बना ली है।
यदि सूचकों को मिलने वाली इनाम राशि को उस अवैध संपत्ति की कुल राशि से जोड़ दिया जाए तो सूचकों का उत्साह बढ़ेगा।
  यानी, जब्त अवैध धन राशि का कम से कम दस प्रतिशत सूचक को मिले।
..................... 
पुण्य तिथि पर दिनकर की याद 
.....................................
24 अप्रैल, 1974 को रामधारी सिंह दिनकर के निधन के
बाद भवानी प्रसाद मिश्र ने लिखा था,
‘‘दिनकर कम से कम 50 वर्षों से देश के हृदय की वाणी गुंजाते रहे हैं।
ऐसे दर्द और रोष के साथ कि ब्रितानी सरकार भी उन पर तमकी।
जवाहरलाल ने भी ‘परशुराम की प्रतीक्षा’ काव्य लिखने के लिए दिनकर को माफ नहीं किया।
चीन के हमले के बाद उन्होंने यह काव्य लिखा था।
दिनकर उन दिनों भारत सरकार के हिन्दी सलाहकार थे।
गांठ बंाध ली गयी कि ऐसे कवि को आस्तीन में पालना तो गलत ही होगा।
इस तरह दिनकर हिन्दी सलाहकार नहीं रहे।
परशुराम की प्रतीक्षा के बाद सरकार ने उन्हें किसी प्रकार का सम्मान नहीं दिया।’’
   भवानी बाबू लिखते हैं
‘‘यों तब तक सरकारी और अर्द्ध सरकारी तमाम सम्मान उन्हें प्राप्त हो चुके थे,किंतु दिनकर ऐसे सहज सम्मानित व्यक्तित्व
का नाम था सम्मान जिसके चरणों की ओर उमड़ कर आता था।दिनकर एक जादू था जो सिर पर चढ़कर बोलता था।’’
     ..............................
  धारावाहिक महाभारत और 
  राही मासूम रजा
    ..........................
डा.राही मासूम रजा के 1992 में निधन के तत्काल बाद 
किसी ने ठीक ही कहा था कि 
‘‘अपनी जिंदगी के 
महाभारत को राही ने छोटे परदे के ‘महाभारत’ में बदल दिया और आज उसी की बदौलत राही पूरे हिंदुस्तान के लिए एक घरेलू नाम हो गया है।
‘महाभारत’ धारावाहिक जितना व्यास है,उतना ही राही का।
अपने इस ‘समय’ को राही ने बड़े जतन से आत्मा के कोने में अंत तक बचाए रखा,संजोए रखा--इस तरह कि उसे बंबई का फिल्मी बाजार भी न खरीद  सका।’’
...............................
   और अंत में
.................................
सुप्रीम कोर्ट ने गत साल  चुनाव आयोग को एक
खास निदेश दिया था।
वह निदेश आपराधिक रिकाॅर्ड वाले उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाने को लेकर था।
इस संबंध में याचिका अदालत में है।
अदालत ने कहा कि आयोग इस संबंध में सुविचारित आदेश पारित करे कि ऐसे लोगों को चुनाव लड़ने की अनुमति देना सही है या गलत। पर आयोग ने इस पर अब तक क्या किया, यह पता नहीं चल सका है।
..................................
कानोंकान, 24 अप्रैल 20 प्रभात खबर,पटना 





मजदूरों का पलायन रुकेगा यदि देश का समरूप विकास हो

कोरोना महामारी के समय एक बात फिर खुल कर सामने आई है। वह यह कि कितनी बड़ी संख्या में बिहार के मजदूरों को हर साल दूसरे राज्यों में रोजी-रोटी के लिए जाना पड़ता है! अपुष्ट आकलन 30 लाख मजदूरों का है।

आजादी के बाद यदि देश का समरूप विकास हुआ होता तो शायद बिहार से मजदूरों का असामान्य पलायन हर साल नहीं होता। आजादी के बाद के वर्षों में विकास की असमान नीति के कारण कुछ राज्य उन्नत तो हुए। पर, बिहार जैसे कुछ राज्य पिछड़ गए।

बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को तो ‘बीमारू’ राज्य कहा गया। बेहतर जीवन के लिए किसी अन्य देश या प्रदेश में किसी का जाना चिंता की बात नहीं। पर, बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए घर-द्वार-परिवार से लाखों लोगों को कोसों दूर जाना पड़े तो यह स्थिति जरूर चिंताजनक हो जाती है। उस चिंता को कोरोना जैसी विपत्ति कई गुणा बढ़ा देती है। कोई नहीं कह सकता कि यह आखिरी विपत्ति है।

..............................
अविभाजित बिहार में इसलिए बसा टाटा नगर 
.................................... 

आजादी से पहले अविभाजित बिहार के खनिज बहुल हिस्से में जमशेदजी नौसरवान जी टाटा ने उन्नीसवीं सदी में बड़ा उद्योग लगाया। उस जगह का नाम पड़ा जमशेदपुर। खनिज पदार्थों के मामले में देश संपन्न राज्य होने के कारण टाटा को गुजरात से बिहार आना पड़ा था।

रेल भाड़ा को लेकर यदि पहले की स्थिति बनी रहती तो आज भी क्या होता! जमशेदपुर की तरह अन्य अनेक बड़े आद्योगिक केंद्र बनते। लोगों को रोजगार मिलते। इस राज्य का पिछड़ापन कम होता। पर, पचास के दशक में केंद्र सरकार ने बिहार से वह बढ़त छीन ली। रेल भाड़ा समानीकरण नीति, 1952 ने अविभाजित बिहार की आर्थिक प्रगति रोक दी।

पंजाब की तरह यहां खेती का विकास हुआ होता तो एक हद तक क्षतिपूर्ति होती। पर वह भी नहीं होने दिया गया। कोसी और गंडक सिंचाई योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।

रेल भाड़ा समानीकरण नीति के तहत खनिज पदार्थों की ढुलाई का रेल भाड़ा पूरे देश के लिए एक समान कर दिया गया था। नियम बना कि धनबाद से सौ टन कोयला रांची पहुंचाने का जितना रेल भाड़ा लगेगा, उतना ही रेल भाड़ा उसे मद्रास या बंबई पहुंचाने में लगेगा। फिर बंबई का कोई उद्योगपति बंदरगाह के पास का इलाका छोड़कर बिहार में उद्योग क्यों लगाता?

इस नीति का जब भारी विरोध हुआ तो नब्बे के दशक में केंद्र सरकार ने इसे समाप्त किया। पर एक अनुमान के अनुसार उस नीति से अविभाजित बिहार को इस बीच 10 लाख करोड़ रुपए का नुकसान पहुंच चुका था। उसकी भरपाई आज तक नहीं हो सकी। विशेष राज्य के दर्जे की मांग उसी क्षतिपूर्ति के लिए होती रही है। नतीजतन बिहार से मजदूरों का पलायन अवश्यंवी हो गया।

................................
अब नहीं होगी खेती के लिए मजदूरों की कमी
.......................................

बाहर से आए और आ रहे मजदूरों में से अनेक लोग अब बिहार में ही रहकर कुछ काम -धंधा करना चाहते हैं। यदि ऐसा हुआ तो खेती के लिए मजदूरों की अब पहले जैसी कमी नहीं रहेगी। पर, इसके साथ ऐसे उपाय भी किए जा सकते हैं जिनसे मजदूर और किसान दोनों पहले की अपेक्षा बेहतर स्थिति में रहें। 

एक उपाय तुरंत दिखाई पड़ रहा है। यदि मनरेगा मजदूरों को किसानों की खेती से जोड़ दिया जाए तो दोनों फायदे में रहेंगे। किसान के खेत में काम के लिए मजदूरों को मनरेगा फंड से भी यदि अलग से कुछ पैसे मिलने लगे तो खेती के काम तेजी से आगे बढ़ेंगे।

तब मनरेगा का बजट भी थोड़ा कम हो जाएगा और किसानों को भी कम मजदूरी देनी पड़ेगी।इसके बावजूद दोनों को मिलाकर पहले की अपेक्षा मजदूरों को अधिक मजदूरी मिलेगी। इन दिनों खेती में लागत अधिक और आय कम है। नतीजतन कई किसान अपनी कुछ ही जमीन पर खेती  कर पा रहे हैं। यदि मजदूरी कम देने पड़ें तो किसान जमीन परती नहीं छोड़ेगा। 

..............   
 भूली-बिसरी याद
..............

आज मधु लिमये का जन्म दिन है। इस अवसर पर उनके बारे में कुछ बातें! वे बिहार से बारी -बारी से चार बार लोकसभा सदस्य चुने गए थे। उनके बारे में बिहार के अनेक लोग कई बातें तो पहले से ही जानते हैं। पर, कुछ जिज्ञासु लोग एक सवाल अक्सर करते हैं। वह यह कि सन 1977 में मधु लिमये मोरारजी देसाई मंत्रिमंडल में शामिल क्यों नहीं हुए? क्या मोरारजी ने उनके नाम पर एतराज किया था ?

इस सवाल का जवाब दिया था उनकी पत्नी चंपा लिमये ने। चंपा जी के अनुसार, ‘‘मोरारजी देसाई ने मधु जी से कहा था कि ‘तुम, जार्ज और मधु दंडवते में से दो लोग मुझे चाहिए अपने मंत्रिमंडल में। पर मधु लिमये ने मोरारजी से कहा कि आप जार्ज फर्नांडिस और मधु दंडवते को  मंत्रिमंडल में शामिल कर लीजिए।’ वे शामिल हुए भी।

लिमये ने इसका यह कारण बताया था, ‘‘ जार्ज पर बड़ौदा डायनामाइट केस चल रहा है। एक मानी में वह केस उस पर टंगी हुई तलवार है। और बाहर रह कर वह रेल हड़ताल आदि कामों से जनता सरकार को परेशानी में डाल देगा। इसलिए जार्ज को मंत्रिमंडल में शामिल करके उसे रचनात्मक काम करने देना चाहिए।’’

..................
और अंत में
..................

जानकार सूत्रों के अनुसार बिहार सहित देश के 17 राज्यों में केंद्रीय सचिवालय की शाखाएं खुलेंगी। इस पर केंद्र सरकार ने प्रारंभिक काम भी शुरू कर दिया है। राज्य मुख्यालयों में स्थित केंद्र सरकार के सारे कार्यालय एक जगह रहेंगे। उसके लिए 140 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी।

.................................................

(1 मई 2020 के प्रभात खबर, पटना में प्रकाशित मेरे साप्ताहिक काॅलम ‘कानोंकान’ से।)