बुधवार, 17 मार्च 2021

    संक्षिप्त मुलाकात एक बहुत बड़े प्रकाशक से

  .............................................. 

 प्रभात प्रकाशन के कर्ता-धर्ता पीयूष कुमार जी जब 

हमारे घर के आसपास की हरियाली देखकर प्रसन्न 

हो रहे थे तभी मेरे पुत्र ने उनकी तस्वीर खींच ली।

  प्रभात प्रकाशन किसी परिचय का मोहताज नहीं है।

दशकों पहले मैं दिल्ली में उनके आॅफिस में गया था जहां तब पीयूष जी के पिताश्री प्रकाशन संभालते थे।

  योग्य पिता के योग्य पुत्र पीयूष जी से बातचीत से एक बार फिर यह लगा कि सफल व्यक्ति के लिए उसकी विनम्रता मूल मंत्र है।

विनम्रता सामने वाले को प्रभावित करती है।

  पीयूष जी मुझे यह कह कर गए कि जिसके पास इतनी समृद्ध लाइब्रेरी है,उसे इधर-उधर झांकने की जरूरत ही नहीं होती।

  इस तरह वे पुस्तकों,पत्रिकाओं और संदर्भ सामग्री की अमूल्यता की ओर इंगित कर रहे थे।

 ....................................

-- सुरेंद्र किशोर -

 17 मार्च 21 

..........................

--सुरेंद्र किशोर 


    इंदिरा गांधी की नाक की पट्टी तो 

   मतदाताओं की सहानुभूति नहीं हासिल 

   कर सकी थी।

   अब देखना है ममता बनर्जी के पैर की 

   पट्टी का करिश्मा !!

      .........................................

        --सुरेंद्र किशोर--

     ..............................................

सन 1967 के चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन प्रधान मंत्री 

इंदिरा गांधी भुवनेश्वर में सभा को संबोधित कर रही थीं।

उनके भाषण के तुरंत बाद छात्रों की उग्र भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।

 एक पत्थर इंदिरा गांधी को लगा।

जिससे उनकी नाक की हड्डी में चोट आई।

उन्हें एक छोटा आपरेशन भी कराना पड़ा।

(चित्र में नाक पर पट्टी दिखाई पड़ रही है)

  इस घटना के बाद सत्ताधारी हलकों में तब यह उम्मीद 

की गई थी कि कांग्रेस को सहानुभूति वोट मिलेंगे।

पर नहीं मिले।

क्योंकि अन्य कारणों से देश के बड़े हिस्से में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आम लोगों में असंतोष था।

   1967 का आम चुनाव हुआ।

न सिर्फ ओडिशा में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई,बल्कि आसपास के राज्य बिहार व पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस सरकार हार गई।

कुल सात राज्यों में उस चुनाव के जरिए और बाद में दो अन्य राज्यों में दल बदल के जरिए कांग्रेस की सत्ता जाती रही।

................................

मौजूदा चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी को भी चोट लगी है। 

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चैधरी ने कहा है कि ममता बनर्जी साजिश के जरिए सहानुभूति बटोरना चाहती हैं।

हालांकि ममता जी ने कहा है कि उन पर हमला हुआ था।

पता नही, सच क्या है !

इंदिरा जी पर तो सचमुच हमला हुआ था।

फिर भी उनकी नाक की पट्टी उन्हें वोट नहीं दिला पाई।

देखना है कि ममता बनर्जी के पैर की पट्टी क्या रंग 

दिखाती है !

वैसे आम लोग तो किन्हीं ‘पट्टियों’ से पहले ही अपना मन बना चुके होते हैं।

................................

--11 मार्च 21  


सोमवार, 15 मार्च 2021

 एक पोस्ट जरा हट के !!

.................................

आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज कहते हैं कि 

‘‘जीवन जीने के दो ही तरीके है-एक तो सोचो 

मेरा कोई अपना नहीं है।

या फिर सोचो सब अपने हैं।’’

..................

दुःख सबके जीवन में आता है।

सुख के पल हवा की तरह हैं।

.............

जीवन में दुःख के लिए सबको तैयार रहना चाहिए।

  दुनिया का सबसे बड़ा दुःख है बूढ़े मां-बाप के सामने जवान पुत्र का गुजर जाना।

लेकिन इससे भी बड़ा दुःख है पुत्र का कुपुत्र हो जाना।

 मां-बाप के जीवन में दो बार ही आंसू आते हैं।

एक जब बेटी विदा होती है।

दूसरा जब बेटा मुंह मोड़े तब।

 इन चार बातों के लिए मानव को सदा तैयार रहना चाहिए--

1.-दोस्त कभी धोखा दे सकता है।

2.-बेटा कभी भी मुंह मोड़ सकता है।

3.-किस्मत कभी भी रूठ सकती है।

4.-दुनिया कभी भी छूट सकती है।

’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’

--सुरेंद्र किशोर-13 मार्च 21


रविवार, 14 मार्च 2021

 


 ट्रैफिक पुलिस की कमियों,अतिक्रमण व ओवरटेकिंग के कारण जाम की समस्या-सुरेंद्र किशोर

...................................................... 

लगता है कि टै्रफिक जाम की समस्या लाइलाज बीमारी बन चुकी है।यदि शासन इस समस्या को अधिक गंभीरता से ले तो लोगों को राहत मिल सकती है।

 एक दूसरे से आगे निकल जाने यानी ओवरटेकिंग की होड़, जाम का बड़ा कारण है।

 दूसरा कारण सड़कों पर भारी अतिक्रमण है।

तीसरा व महत्वपूर्ण कारण अनेक टै्रफिक पुलिसकर्मियों की कत्र्तव्यहीनता है।

ट्रैफिक पुलिस की संख्या भी जरूरत के अनुपात में काफी कम है।

कारण और भी हैं।

किंतु शासन को चाहिए कि वह पहले इन तीन मुख्य समस्याओं पर कठोरता से काबू पाए।

टै्रफिक जाम की असली पीड़ा उन्हें ही मालूम है जो लगातार चार-पांच घंटे तक कहीं जाम की समस्या कभी झेल चुके हैं।

जो चिलचिलाती धूप में जाम में सपरिवार घंटों से फंसे हंै और बच्चों के दूध व पानी के बोतल खाली हो चुके हैं।या फिर गंभीर रूप से घायल या बीमार व्यक्ति अस्पताल के रास्ते में हैं।

जाम में फंसने की पीड़ा एक ऐसी पीड़ा है जिस ओर शासन ने  कभी जरूरत के हिसाब से गंभीरता नहीं दिखाई।

 ..........................................

  समस्या और निदान

  ............................

सब जानते हैं कि सड़कों पर अतिक्रमण जितने होते हैं,उससे अधिक कराए जाते हैं।

कराने में किसका हाथ रहता है,उसकी पहचान हो और कड़ी कार्रवाई हो।

इससे शासन के शीर्ष को जनता की वाहवाही मिलेगी।

  ओवरटेकिंग को कौन बढ़ावा देता है ?

क्यों देता है ?

क्या यह बात किसी से छिपी हुई है ?

दूसरा कारण सड़कों पर भारी अतिक्रमण है।

तीसरा व महत्वपूर्ण कारण अनेक टै्रफिक पुलिसकर्मियों की कत्र्तव्यहीनता है।

कारण और भी हैं।

किंतु शासन को चाहिए कि वह पहले इन तीन समस्याओं पर कठोरता से काबू पाए।

टै्रफिक जाम की असली पीड़ा उन्हें ही मालूम है जो लगातार चार-पांच घंटे तक कहीं जाम की समस्या कभी झेल चुके हैं।

 ट्रैफिक पुलिस की संख्या जरूरत की तुलना में कम है।

साथ ही टै्रफिक पुलिसकर्मियों,खासकर महिला पुलिस के लिए

कार्यस्थल पर शौचालय का कोई प्रबंध नहीं है।

इस समस्या का निदान कौन करेगा ?

पहले सुविधा दीजिए,फिर कस कर काम लीजिए।

जब कोई देखता है कि सड़कों पर खुलेआम ट्रैफिक पुलिस रिश्वत लेती है तो उससे शासन का इकबाल घटता है।

 ..............................

 लाठी से अधिक कारगर स्टिंग आपरेशन

................................

हाल में एक नेता जी ने अपने लोगों से कहा कि भ्रष्ट सरकारी कर्मियों को लाठी से पीटो ।

  मेरी समझ से उस नेता को यह कहना चाहिए था कि आप लोग भ्रष्टों के खिलाफ स्टिंग आपरेशन करिए-कराइए।

पिछले कुछ महीनों में स्टिंग आपरेशन का सकारात्मक असर दिखाई पड़ा है।

एक मीडिया संगठन ने पटना लोअर कोर्ट में भ्रष्टाचार को लेकर स्टिंग आपरेशन किया था।

संबंधित कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त हो गईं।

एक अन्य मीडिया ने पटना कलक्टरी के पास जाली स्टाम्प को लेकर स्टिंग आपरेशन किया था ।इस मामले में भी कार्रवाई करने की प्रशासन ने कोशिश की है।

  दोनों मामलों में संबंधित मीडियाकमियों को सराहना मिली।

पर लाठियों से पीटनेवाली अपील पर न तो नेताजी का कोई मान बढ़ा और न ही किसी ने उनकी अपील पर किसी को लाठी से पीटा।

  ...........................................

   पहले आरक्षित कोटे को तो भरिए

.................................................

आरक्षण का प्रतिशत बढ़ा देने की मांग समय-समय पर होती रहती है।

किंतु क्या आरक्षण का पक्षधर कोई नेता यह मांग करता है कि निर्धारित कोटे को भरा क्यों नहीं जाता ?

केंद्र सरकार की नौकरियों में पिछड़ों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है।

इनमें से औसतन 15 प्रतिशत सीटें ही भर पाती हैं ?

इसके लिए कौन जिम्मेदार है ?

  1993 के बाद अनेक मंडल मसीहा सत्ता के शीर्ष पर रहे या फिर सत्ता को प्रभावित करने की स्थिति में रहे।

क्या उन लोगों ने पता लगाया कि किन कारणों से सीटें खाली रह जाती हैं ?

पता नहीं लगाया।

वैसे लोग भी सत्ता से हटने के बाद आरक्ष्ण का कोटा बढ़ाने की मांग करते रहते हैं।

कोटा जरूर बढ़वाइए,यदि अदालत अनुमति दे।किंतु जो कोटा उपलब्ध है,उसे तो भरने का उपाय कीजिए।

अन्यथा लोग समझेंगे कि कोटा बढ़ाने की आपकी मांग राजनीति से प्रेरित है।

.....................................

  उद्योग मंत्री के लिए अनुकूल अवसर

 ....................................

बिहार के नए उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन के लिए अच्छा अवसर है।

उधर केंद्र सरकार ने गन्ना -मक्का से इथनाॅल उत्पादन की अनुमति दे दी और इधर शाहनवाज साहब नए उत्साह के साथ बिहार के उद्योग मंत्री बन गए।

  जानकार लोग बताते हैं कि इस ताजा अनुमति से,जिसकी मांग नीतीश सरकार वर्षों से कर रही थी,बिहार में नए -नए उद्योग खुलेंगे।

  हां,एक कमी फिर भी रह जाएगी ।उसे मुख्य मंत्री को पूरा करना होगा।

उद्योगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए वे जरूरत के अनुसार नए -नए पुलिस थानों की स्थापना कराएं।

  महेंद्र सिंह धोनी तो आम तौर पर मैच के आखिरी दौर में चैके --छक्के लगात थे।

शाहनवाज को तो ऐसा अनुकूल अवसर मिल गया है कि वे शुरूआती दौर से ही उद्योग के चैके-छक्के लगा सकते हैं।

............................. 

 और अंत में

........................... 

केरल सी.पी.एम.ने अपने करीब तीन विधायकों के टिकट काट दिए हैं।

उधर,तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने दो दर्जन विधायकों के टिकट काटे ।

अब देखना है कि टिकट कटने के बावजूद कितने विधायक सी.पी.एम.में बने रहते है !

यह भी गौर करने लायक बात होगी कि तृणमूल कांग्रेस के कितने विधायक पार्टी छोड़ते हैं।

इस देश की राजनीति के ऐसे दौर में यह सवाल मौजूं है जब कहा जाता रहा है कि 

‘‘टिकट कर्मा,टिकट धर्मा, धर्मा-कर्मा टिकट -टिकट !!’’  

......................................................

कानोंकान

प्रभात खबर 

पटना

12 मार्च 21


 


   सरकार मोबाइल जैमर और बुलेटप्रूफ 

   जैकेट की खरीदारी सी.एस.आर.के पैसों से 

   मुकेश अंबानी के जरिए कराए

    .................................................

    ---सुरेंद्र किशोर--  

    ............................................

उद्योगपति मुकेश अंबानी को चाहिए कि वह इस देश के जेलों में मोबाइल जैमर मशीन लगवाने का काम अपने हाथ में ले लें।

  सरकार इसकी सहमति दे।

इसमें खुद न सिर्फ अंबानी की भलाई है,बल्कि आम जन की भी।

 यदि उपलब्ध जैमर मशीन 4 -जी पर काम नहीं कर पा रहा है तो अंबानी कारगर जैमर मशीनों के निर्माण की दिशा में काम करें।

  याद रहे कि पुलिस को आशंका है कि हाल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल एक टेलीग्राम चैनल बनाने के लिए किया गया।

फिर उस चैनल का इस्तेमाल जैश उल हिंद नामक समूह ने गत 25 फरवरी 2021 को मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित घर के बाहर से जिलेटिन की छड़ों से लदी एस यू वी खड़ी करने की जिम्मेदारी लेने के लिए किया।

कहा जा रहा है कि जिम्मेदारी लेने का काम तिहाड़ जेल से हुआ।   

   इस देश के जेलों में जैमर लगाने की सरकारी कोशिश

 अब तक विफल रही है।

कभी शिकायत आई कि मशीन की खरीद में कमीशनखोरी के कारण घटिया जैमर लगे।

कभी यह कि जानबूझ कर जैमर बंद-खराब  कर दिए गए।

कारण सब को मालूम है।जैमर के रख रखाव का काम भी अंबानी के अफसर -कर्मचारी करें।

  अब जब जेल में बंद आतंकवादी व खंूखार अपराधी देश की अर्थ व्यवस्था नष्ट करने के लिए उद्योगपति को निशाना बना रहे हैं तो उसका उपाय सरकारी अनुमति व  सहयोग से खुद उद्यागपति करें। 

 व्यापारियों को  कंपनी सोशल जिम्मेदारी यानी सी.एस.आर. के तहत अपने मुनाफा का 2 प्रतिशत खर्च करने ही हैं।

  अंबानी के दो प्रतिशत जैसी बड़ी राशि का अंदाज कर लीजिए।

वे तो देश के सारे जेलों में आधुनिकत्तम मोबाइल जैमर लगवाने के साथ- साथ एक और काम कर सकते हैं।

 इस मद से वे सेना- पुलिस के लिए गुणवत्ता वाले बुलेट प्रूफ जैकेट की खरीद भी करवा सकते हैं।

  अपने देश के भ्रष्ट सरकारी-गैर सरकारी राक्षस बुलेट प्रूफ की खरीद में भी घोटाला कर देते रहे हैं,ऐसी जानकारियां मिलती रही हंै।

   26 नवंबर 2008 को आतंकवादियों ने मुंबई के ताज होटल आदि पर हमला किया।

  अन्य लोगों के साथ ए.टी.एस.प्रमुख हेमंत करकरे भी शहीद हो गए।

बाद में पता चला कि जो बुलेटप्रूफ जैकेट हेमंत ने पहन रखा था ,वह घटिया जैकेट बुलेट को नहीं रोक सका था।

यानी, उसकी खरीद में घोटाला था।

......................

--सुरेंद्र किशोर-

14 मार्च 21

  


शनिवार, 13 मार्च 2021

 ‘‘..........स्थानीय मीडिया की मानें ,तो वह (ममता बनर्जी) गाड़ी

में बैठी थीं और उनका पैर बाहर था,जिसके कारण दरवाजा 

बंद करते वक्त उन्हें चोट लग गई।

मगर तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि चार-पांच लोगों ने उन्हें 

धक्का दिया है.........।’’

   --ज्येतिप्रसाद चटर्जी

पश्चिम बंगाल विशेषज्ञ

सी.एस.डी.एस.

....................................

हिन्दुस्तान --12 मार्च, 2021  


गुरुवार, 11 मार्च 2021

 इमरजेंसी में सरकारी आतंक 

का एक नमूना यह भी 

..................................

--सुरेंद्र किशोर-

............................

  आजकल कुछ लोग यदा -कदा यह कहते रहते हैं कि इन दिनों देश में इमरजेंसी जैसे हालात हैं।

  उन्हें एक छोटी सी ‘इमरजेंसी कथा’ सुनाता हूं।

कर्पूरी ठाकुर इमरजेंसी में फरार थे।

पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित उनके सरकारी आवास 

से शासन ने उनका सारा सामान बाहर फेंक दिया।

 ऐसा करने का शासन को पूरा हक था।

क्योंकि तब तक वे किसी सदन के सदस्य नहीं रह गए थे।

  पर, उसके बाद की कहानी जानिए।

उनके परिजन के समक्ष यह समस्या थी कि उस सामान को कहां रखा जाए ?  

  उनकी पार्टी के एक ऐसे एम.एल.सी.से संपर्क किया गया जो कर्पूरी जी की मेहरबानी से एम.एल.सी.बने थे।

   पर,उस एम.एल.सी.साहब ने अपने लंबे-चैड़े सरकारी आवास में उस सामान को रखने से साफ मना कर दिया।

  फिर सामने आए एक कांग्रेसी विधायक।

वीरेंद्र कुमार पांडेय ने (मांडु से कांग्रेसी विधायक थे।) ने अपने घर में वह सब सामान रखा।

 पता नहीं, पांडे जी अब कहां हैं ?

मैं उनसे अक्सर मिलता था।

एक प्रतिष्ठित परिवार से आते थे।

बहादुर व स्वतंत्र चेता नेता थे।

  जिस समाजवादी एम.एल.सी.ने कर्पूरी जी का सामान रखने से मना कर दिया था,वे फिर भी कर्पूरी जी प्रशंसक -समर्थक थे।

  पर, वे भी एक खास स्थिति में डर गए थे।

 उन्हें लगा था कि सामान रखने के कारण ही उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

  1977 में जब कर्पूरी जी मुख्य मंत्री बने तो वे एक बार फिर ‘‘ठाकुर कृपा’’ से एम.एल.सी.बन गए।

मुख्य मंत्री कर्पूरी जी की किसी गलत नीति के खिलाफ जब मैंने दैनिक ‘आज’ में कुछ लिखा तो वह एम.एल.सी.साहब काॅफी हाउस में मुझसे झगड़ बैठे थे।

मैंने झगड़ने वाला यह प्रकरण इसलिए लिखा

कि आप जानें कि वे कर्पूरी जी के प्रति वे कितना ‘लाॅयल’ थे।

  ............................

इमरजेंसी में सरकार का ऐसा  आतंक था !

आज मौजूदा सरकार का कितना आतंक है,इसका अनुमान निष्पक्ष लोग आसानी से लगा सकते हैं।

..............................

--सुरेंद्र किशोर--11 मार्च 2021 

.