बुधवार, 6 नवंबर 2019


भ्रष्टाचार के बड़े मामलों  की सूचना  देने पर इनाम का  प्रबंध करे सरकार-सुरेंद्र किशोर  
...................................
खबर है कि  बिहार के सरकारी  कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर निगाह रखने के लिए राज्य का निगरानी विभाग वालंटियर तैयार कर रहा है।
  इससे बेहतर खबर कोई और नहीं हो सकती।
पर, यदि इसके साथ ही भ्रष्टाचार के बड़े मामलों  की सूचना देने पर संबंधित वालंटियर को राज्य सरकार की ओर से अच्छा-खासा इनाम देने का प्रावधान हो जाए तो यह अभियान और भी सफल होगा।
साथ ही,वालंटियर्स को आधुनिक तकनीकी से भी लैस किया जाना चाहिए।जैसे, छिपे हुए कैमरों का प्रबंध हो।
जरुरत पड़े तो पुलिस का सहयोग भी उन्हें मिले।
क्योंकि इन दिनों भ्रष्टाचारी कुछ अािक ही सीनाजोर हो गए हैं।
यदि जन समितियांें के प्रयास से  भ्रष्टाचार में कमी आए तो
आम लोगों को बड़ी राहत होगी।भ्रष्टाचार निरोधक अभियानों पर होने वाला कोई भी खर्च सार्थक ही होगा।
आज आम धारणा यह है कि सरकारी दफ्तरों में रिश्वत के बिना आम लोगों का कोई काम ही नहीं होता।
अधिकतर मामलों में यह सिर्फ धारणा नहीं बल्कि तथ्य भी है।
वैसे लगभग पूरे देश की भी यही हालत है।
इसीलिए तो केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियां इन दिनों जितने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चला रही हैं,वह एक रिकाॅर्ड है।
 वैसे में बिहार सरकार का भी कुछ कत्र्तव्य बनता है।
लगता है कि उसने अपने कत्र्तव्य पालन की दिशा में ठोस कदम उठा लिया है।
बिहार में  कई लोग यह सवाल पूछते हैं कि जब इस राज्य में राजनीतिक कार्यपालिका के शीर्ष पर बैठे दो प्रमुख नेताओं की निजी संपत्ति एकत्र करने में कोई रूचि  नहीं है,तो फिर भी बिहार सरकार के दफ्तरों में रिश्वतखोरी कम क्यों नहीं हो रही है ?
इस सवाल का जवाब नहीं मिलता।इसका जो भी कारण हो,उसकी तलाश कर उसे दूर करना ही होगा।
  --कैसे बढ़े अदालती सजाओं का प्रतिशत--
आई.पी.सी.और सीआर.पी.सी.में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव का प्रस्ताव है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में यह संकेत दिया है।
सन 1860 में बने इन कानूनों में समय की जरुरतों के अनुसार बदलाव जरुरी भी है।
  अन्य जो बदलाव होने हैं  ,वे तो होंगे ही।
पर क्या एक खास संदर्भ
में इन कानूनों में बदलाव की सख्त जरुरत नहीं है ?
  सामान्य अपराधों के तहत आरोपितों की सजा का प्रतिशत इस देश में सिर्फ 46 है।
इतना ही नहीं,सिर्फ 6 प्रतिशत आरोपित राजनीतिक नेताओं को ही अभियोजन पक्ष अदालतों से सजा दिलवा पाता है।
  आखिर ऐसा क्यों होता है ?
क्या इसको ध्यान में रखते हुए इन कानूनों में संशोधन किया जा सकेगा ताकि सजा का प्रतिशत बढ़े ?
ऐसा क्यों है कि इसी देश के केरल राज्य में कुल आरोपितोें में 
से 77 प्रतिशत को सजा मिल जाती है ?केंद्र केरल की इस उपलब्धि का अध्ययन करे।
यह माना जा सकता है कि हम जापान और अमेरिका नहीं बन सकते जहां सजा का प्रतिशत 90 से भी अधिक है।
पर केेरल से तो कुछ सीखा ही जा सकता है।
     --भूली-बिसरी याद-- 
सन 1926 में लाल बहादुर शास्त्री अछूतोद्धार कार्यक्रम के सिलसिले में मेरठ प्रमंडल में रहते थे।
उस कार्यक्रम के सिलसिले में मुजफ्फर नगर  जनपद के भैंसी गांव के जसवंत सिंह से शास्त्री जी की घनिष्ठता हो गई।
 सन 1965 में जसवंत सिंह प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री से मिलने दिल्ली गए ।
मुलाकात नहीं हो सकी।निजी सचिव ने मिलने नहीं दिया।
लौटकर जसवंत सिंह ने शास्त्री जी को लिखा,
‘अब आपकी -हमारी मित्रता कैसी ?’
शास्त्री जी ने पत्र पढ़ा।
उन्हें बड़ा कष्ट हुआ।
दो -चार दिन बाद ही उन्होंने मुजफ्फर नगर क्षेत्र का कार्यक्रम बनाया।
हेलिकाॅप्टर से भैंसी गांव में उतरे।
सुरक्षाकर्मियों के तमाम बंधनों तथा प्रधान मंत्री पद की मर्यादाओं की चिंता किये बिना वे पुरानी पगडंडियों पर होते हुए सीधे जसवंत सिंह के घर जा पहुंचे।
 उन्होंने  पहंुचते ही अपने पुराने दोस्त से कहा,‘‘साग रोटी खाने का तो समय नहीं है।
एक गिलास मट्ठा पिलवाओ।
सुरक्षा अधिकारी के हिचकिचाने पर प्रधान मंत्री ने कहा कि ‘भाई, इस घर का मट्ठा हमेशा मेरे लिए अमृत के समान रहा है।
इस कमरे में बैठकर मैंने न जाने कितनी बार मट्ठे के साथ साग -रोटी खाई है।’
शास्त्री जी की सादगी देखकर जसवंत और उनके परिवार के सदस्यों की आंखों में आंसू आ गए।
      --और अंत में-- 
भाजपा ने महाराष्ट्र में गैर मराठा और हरियाणा में गैर जाट समुदाय से मुख्य मंत्री बना कर एक राजनीतिक प्रयोग किया था।
 भाजपा का यह प्रयोग महाराष्ट्र में तो सफल रहा,पर हरियाणा में विफल हो गया।
उम्मीद है कि आगे ऐसा प्रयोग करने से पहले भाजपा सावधानी बरतेगी।  
.....................................................
25 अक्तूबर, 2019 के ‘प्रभात खबर,’पटना में प्रकाशित मेरे काॅलम कानोंकान से ।



    

मंगलवार, 5 नवंबर 2019


भ्रष्टाचार में कमी और सद्व्यवहार से मजबूत होंगे सार्वजनिक उपक्रम--सुरेंद्र किशोर
------------------------------------------------------------------
पिछले दिनों मैं पटना स्थित दूर संचार आॅफिस गया था।
वहां  अपने बड़े साइज के मोबाइल सीम को छोटे साइज में बदलवाना था।
   जरुरी था,इसलिए गया अन्यथा किसी सरकारी दफ्तर में जाने से अक्सर बचता रहा हूं।
  क्योंकि अधिकतर सरकारी आॅफिस खराब व्यवहार के लिए जाने जाते हैं।कुछ और के लिए भी।
  पर,उस दिन नजारा बदला हुआ था।
मुख्य गेट से प्रवेश करते ही छोटे-छोटे शामियाने के नीचे  बैठे कई लोग मिले।
बी.एस.एन.एल.ने अपने कुछ काम उन्हें ‘आउटसोर्स’ कर
दिए  हंै।
  देखते ही वे मुझे भइया-चाचा कहने लगे।
उन्होंने मेरा काम भी तुरंत कर  दिया।
   मेरे पास 1983 से टेलीफोन रहा।अब नहीं है।
कुछ समय के लिए मैंने ब्राॅडबैंड सेवा भी ली थी।
पर बी.एस.एन.एल.से मेरा अनुभव बहुत खराब रहा।
एक- एक कर सब छूटता गया।
पर, उसका मोबाइल फोन अब भी मेरे पास है।
 ऐसे ही कारणों से यह जरुरी सार्वजनिक सेवा भी घाटे में चली गई।
अब सरकार 80 हजार कर्मचारियों को वी.आर.एस.देने की तैयारी में हैं।सैलरी बिल आधा जो करना है।
एम.टी.एन.एल.और बी.एस.एन.एल.को घाटे से उबारने की यह भी एक कोशिश है।दोनों का विलय हो रहा है।
 देश की सुरक्षा के हित में भी संचार सेवा सरकार के हाथों में ही रहे ,इसके लिए जरुरी है कि इसके अफसर और कर्मचारी   अपनी कार्य शैली बदलें ।  
  वे अपनी ‘ड्यूटी’ को अपनी ‘जमींदारी’ न समझें।
निजी संचार सेवाओं के कर्मियों की  व्यवहार कुशलता से सीखें।
हालंाकि बी.एस.एन.एल. और एम.टी.एन.एल.के सारे अफसर और कर्मी रुखे व्यवहार वाले ही नहीं हैं।
कई अन्य सार्वजनिक उपक्रमों पर भी यह बात लागू होती है।
............................................................................
  ज्यादतियों के साथ-साथ 
पुलिस की पीड़ा भी देखिए
---------------------------
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कहा कि इस देश के 90 प्रतिशत पुलिसकर्मियों को रोज 12 घंटे से अधिक ड्यूटी करनी पड़ रही है।
उनकी अधिकतर साप्ताहिक छुट्टियां भी रद हो जाया करती हैं।
 पुलिसकर्मियों की संख्या में भारी कमी के कारण ऐसा हो रहा है।
पर गृहमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं हल की जाएंगी।
 अच्छा हुआ कि उन्होंने अपने कार्यकाल के शुरुआती महीनों  में ही ऐसा आश्वासन दे दिया।
अब अगले साढ़े चार साल तक लोग उन्हें उनके इस आश्वासन की याद दिलाएंगे।उम्मीद की जानी चाहिए कि यह वादा पूरा होगा।
हो सकता है कि  पुलिसकर्मियों की चिरपरिचित समस्या और बेहतर सेवा शत्तों की चिर लंबित मांग पूरी हो जाए।
  पुलिसकर्मियों का एक ही पक्ष आम लोगों के बीच आता है।
वह नकारात्मक पक्ष है।पर उनकी समस्याओं को गृहमंत्री ने समझा है।
 इस बीच समस्तीपुर से यह खबर आई कि छठ पूजा करने के   लिए छुट्टी हेतु एक पुलिकर्मी को छठी मैया के नाम पर शपथ 
लेनी पड़ी।
 बेचारा अफसर भी क्या करें ?
छुट्टी मांगने वाले बहुत हैं,पर सबको छुट्टी दे दे तो आखिर ड्यूटी किससे करवाए।
कम ही लोगों का इस ओर ध्यान होगा कि पुलिस थाने में कभी ताला नहीं लगता।
      वायु प्रदूषण के लिए 
    कौन कितना जिम्मेवार !
-------------------------------
वायु प्रदूषण के कारण भारत में 2017 में 12 लाख 40 हजार लोगों की जानें गई थीं।
यह संख्या बढ़ती ही जा रही है।
क्योंकि प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है।
ताजा खबर के अनुसार अब दिल्ली में सांस लेना मुश्किल हो रहा है ।क्योंकि प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
इस विषम स्थिति से निपटने के लिए  दिल्ली सरकार लोगों के बीच 50 लाख मास्क बांटने जा रही है।
उधर हर साल सड़क दुर्घटनाओं के कारण भारत में मरने वालों की संख्या लगभग डेढ़ लाख है।
इन दोनों तरह की मौतों के कई कारण हैं।
पर,इस बात पर भी सोच-विचार होना चाहिए कि इसके लिए खुद हम कितने जिम्मेवार हैं।
जितना सुधार हम खुद में कर सकते हैं,उतना तो हो जाए !
भारी वर्षा से गांवों की 
नई सड़कें भी क्षतिग्रस्त
---------------------------
इस बार की भारी वर्षा ने शहरों में तबाही मचाई ही,गांवों की सड़कों को भी तहस-नहस कर दिया।
उनमें से कुछ सड़कों काम तो मरम्मत से ही चल जाएगा,पर कुछ अन्य का संभवतः पुनार्निर्माण करना पड़ेगा।उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मद में राज्य सरकार को जरुरी आर्थिक मदद मुहैया कराएगी।
  ऐसी ही एक सड़क है -दिघवारा-भेल्दी स्टेट हाईवे।
सारण जिले के उस इलाके के पिछड़ापन को देखते हुए कुछ ही साल पहले मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने उसे आर.ई.ओ. से हटा कर स्टेट हाईवे का दर्जा दिया था।उसका निर्माण भी ठीकठाक ही हुआ था।
पर इस बरसात ने उसे भारी क्षति पहुंचाई।उसकी दुर्दशा का एक बड़ा कारण यह रहा कि शीतलपुर पट्टी पुल के बंद होने के कारण उसी सड़क पर टै्रफिक का भारी बोझ पड़ गया।
अब देखना है कि राज्य की अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों के साथ- साथ इस सड़क की मरम्मत का काम कितनी तेजी से हो पाता है।   
       और अंत में
-----------------------
निर्माणाधीन खगौल - दानापुर आठ लेन सड़क को दरअसल आम लोगोंे के लिए छह लेन ही मानना चाहिए।
क्योंकि किनारे के दो लेन तो पार्किंग में ही निकल जाएंगे।
इस सड़क की दोनों ओर जो बहुमंजिली इमारतें बनी हैं या बन रही हैं,उनमें पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है।अपवादों की बात और है।ं


क्या होता इस देश यदि सुप्रीम कोर्ट न होता ?
.........................................................
क्या हाल होता इस देश का यदि सुप्रीम कोर्ट 
नहीं रहा होता ? !!!
हमलोग एक बार फिर पाषाण युग में जा चुके होते।
 वही जिंदा रहता जो सबसे ताकतवर होता  !!
1975-77 के आपातकाल में इंदिरा गांधी सरकार के एटाॅर्नी जनरल नीरेन डे ने सुप्रीम कोर्ट को बता दिया था कि यदि स्टेट किसी की जान भी ले ले तौभी उसके खिलाफ अदालत की शरण नहीं ली जा सकती।
एक लाख से अधिक नेताओं -कार्यकत्र्ताओं-बुद्धिजीवियों को जेलों में ठूंस कर उन्हें अदालत की शरण में जाने से भी सरकार ने वचित कर दिया था।
  4 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण पर सुनवाई करते हुए कहा  कि सरकारें नागरिकों के जीने के अधिकार का हनन कर रही है।
  चलिए सुप्रीम कोर्ट ने इमरजेंसी में तो मान लिया था कि इंदिरा सरकार को कानूनी प्रक्रिया के बिना भी किसी की जान ले लेने कव पूरा अधिकार है।
  कल सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘‘राज्य सरकारें लोगों को दिल्ली न आने की सलाह दे रही है।यह बर्दाष्त नहीं किया जाएगा।
सरकारों की जिम्मेवारी तय की जाएगी।
क्योंकि यह नागरिकों के जीने के अधिकार का हनन कर रही है।’’ 


70 हजार करोड़ के घोटालेबाजों के प्रति नरमी क्यों ?
...............................................................................
आरोप है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस-एन.सी.पी.के शासन 
काल में 70 हजार करोड़ रुपए का सिंचाई घोटाला हुआ था।
 आज के अंग्रेजी दैनिक हिन्दू के अनुसार जब भाजपा-शिवसेना राज में उसकी जांच शुरू हुई तो पता चला कि सिंचाई विभाग के वरीय पदाधिकारियों के खिलाफ 7 एफ.आई.आर.दर्ज करने की जरुरत है।
  उसके लिए जल संसाधन विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटी्र की अनुमति चाहिए।
पिं्रसिपल सेंक्रेट्री साहब गत साल अगस्त से ही अनुमति लटकाए हुए हैं।दे ही नहीं  रहे हैं।
  पर, सवाल यह भी है कि देवेंद्र फड़नविस सरकार आखिर क्या कर रही है ?वह किस मर्ज की दवा है ?
70 हजार करोड़ रुपए के घोटाले की जांच मंे भी 
इतनी सुस्ती ?
याद रहे कि जल संसाधन विभाग उन दिनों एन.सी.पी.नेता अजित पंवार के चार्ज में था। 
  यदि कोई खास अफसर अनुमति नहीं दे रहा है तो ऐसे अफसर को वहां तैनात क्यों नहीं करते जो जल्दी यह काम कर दे ?
क्या हरियाणा के अशोक खेमका और बिहार के के.के.पाठक जैसे अफसर महाराष्ट्र में नहीं हैं ?
   जब इस देश के घोटालेबाज सत्तासीन नेता घोटाला करने के लिए अफसर को बदल सकते हैं तो घोटालेबाजों को सजा दिलाने के लिए ऐसा क्यों नहीं हो सकता ?
याद रहे कि कई दशक पहले बिहार के एक सत्तासीन नेता ने अपने पुत्र को खान का पट्टा देने के लिए संबंधित जिले के डी.सी.,डी.एस.मुखोपाध्याय को वहां से हटा दिया और अपने अनुकूल अफसर को वहां बैठा दिया था।
  काम तुरंत हो गया।मुखोपाध्याय काम नहीं कर रहे थे।

    

सोमवार, 4 नवंबर 2019

3 नवंबर 2019 को जवाहरलाल नेहरू के सुनहले पक्ष की विस्तृत चर्चा करते हुए एक लेख पोस्ट किया था।
अब तक मात्र  21 ‘लाइक’ आए हैं।
नेहरू की सराहना करने पर ऐसा लगभग हर बार होता है।
पर यदि उनकी विफलताओं की चर्चा करता हूं तो बड़ी संख्या में ‘लाइक’ आते हैं।
ऐसा नहीं कि हमारी मित्र मंडली में सिर्फ एक ही विचारधारा के लोग हैं। 
ऐसा क्यों होता है ?


पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के पांच मजदूरों को
जेहादी आतंकियों ने कश्मीर में मार डाला।
मुख्य मंत्री  ममता बनर्जी ने जम्मू-कश्मीर की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की खूब आलोचना की।
 पर, उनके पास उन आतंकियों के खिलाफ बोलने के लिए कोई शब्द नहीं था  जो वहां इस्लामिक शासन लागू करने के लिए लंबे समय से जेहादरत हैं।
  इस तरह ममता ने अपने राज्य के अपने वोट बैंक का पूरा ध्यान रखा।

शनिवार, 2 नवंबर 2019

बिन लादेन की तरह अमेरिका ने बगदादी के शव को भी समंदर में बहा दिया।
यह भारत में आतंकियों की अंतिम क्रिया की अनुमति से उलट है।
 इससे आतंकियों की कब्र जिहादियों के लिए खास बन जाती है
और मरा हुआ आतंकी जिंदा आतंकवादी से ज्यादा खतरनाक हो जाता है। 
                     ---ब्रह्म चेलानी, दैनिक जागरण